कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह यादव

हरियाणा में कांग्रेस पार्टी ने लगातार तीसरी हार का सामना करने के लगभग साल भर बाद अब राज्य के संगठन में बदलाव किया है। पार्टी ने राव नरेंद्र सिंह को राज्य कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान उदयभान के हाथ में थी लेकिन अब पार्टी ने राव नरेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी है।
हरियाणा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह यादव तीन बार के विधायक रह चुके हैं। इसके साथ ही वह हरियाणा की भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में मंत्री पद भी संभाल चुके हैं। राव नरेंद्र सिंह ने 1996, 2000 में अटेली से और 2009 में नारनौल से विधानसभा चुनाव जीता था।
अहीरवाल बेल्ट से आने वाले ओबीसी नेता राव नरेंद्र सिंह (62) राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने उदय भान की जगह ली है जिन्हें अप्रैल 2022 में प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। राव नरेंद्र सिंह की नियुक्ति से दक्षिण हरियाणा में ओबीसी समुदाय में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।