मुलायम सिंह के निधन पर पीएसपीएल महासचिव अशोक यादव ने दी श्रद्धांजलि

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने श्री यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मुलायम सिंह यादव के निधन पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव अशोक यादव ने समाजवादी पुरोधा को  श्रद्धांजलि  अर्पित करते हुये कहा कि हमने उनके साथ काम किया है और आज उनके निधन से हो रहे दुख को शब्दों में व्यक्त कर पाना संभव नहीं है। यह समाजवादी पार्टी के लिए तो बहुत बड़ी क्षति है ही, इसी के साथ यह देश के लिए भी बड़ी क्षति है। वह एक ऐसा क्षमतावान नेतृत्व रहे, जिसने समाज के उत्थान के लिए समाजवादी विचारधारा का पोषण किया। संपूर्ण राष्ट्र ने आज एक जीवट राजनेता खो दिया।  भारतीय राजनीति में एक असरदार नेता थे, जिन्हे सिर्फ़ उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश के विकास में भी बड़े योगदान के लिये जाना जायेगा।

मुलायम सिंह का राजनीतिक जीवन उतार-चढ़ाव भरा रहा। नेता जी वन मैन आर्मी थी। अकेले चले थे लेकिन आगे चलकर राजनीति में इतना बड़ा कुनबा खड़ा किया। उन्होंने अपने दम पर इतना बड़ा राजनीतिक दल खड़ा किया जो निस्संदेह काबिल-ए-तारीफ है।

वह हमेशा पक्ष-विपक्ष को  साथ लेकर चले। ऐसा नेता अब कभी भविष्य में मिलेगा यह कहना बड़ी मुश्किल की बात है। नेताजी का लंबा राजनीतिक और सामाजिक जीवन जन सेवा को समर्पित रहा। नेताजी गरीबों के मसीहा थे। उन्होंने अपनी पूरी ताकत सामाजिक कार्यों में लगाया और इसी कारण उन्हें धरतीपुत्र की संज्ञा दी गयी थी। उनका निधन सामाजिक न्याय के लिए एक बड़ी क्षति है।

 

 

 

The post मुलायम सिंह के निधन पर पीएसपीएल महासचिव अशोक यादव ने दी श्रद्धांजलि appeared first on Yadav Manch.

Related Articles

Back to top button