राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को क्यों भाये मुलायम सिंह यादव, दी श्रद्धांजलि

लखनऊ,  समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव के वैचारिक रूप से धुर विरोधी भी उन्हे पसंद करते थे। यह बात आरएसएस पर पूरी तरह लागू होती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि  दी।

प्रयागराज में आज से प्रारंभ अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक की शुरुआत मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। बैठक का प्रारंभ करते हुए सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने बैठक में आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उसके पश्चात् गत दिनों दिवंगत हुए सामाजिक जीवन में सक्रिय प्रमुख व्यक्तियों को श्रद्धांजलि दी गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुलायम सिंह यादव के कई कार्यों का समर्थक रहा है । मुलायम सिंह यादव ने विदेशी मूल के मुद्दे पर सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने में भाजपा की मदद की थी। इसी के साथ मुलायम सिंह यादव ने हिंदी भाषा के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री रहते हुए कार्य किया था। इसीलिये राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक के सी सुदर्शन मुलायम सिंह यादव के प्रशंसक रहे हैं। सरसंघचालक रहते हुए सुदर्शन जी मुलायम सिंह यादव से मिलने गए थे और हिंदी के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की थी। सुदर्शन जी ने मुलायम सिंह यादव से हिंदी विश्वविद्यालय जहां सभी विषयों की पढ़ाई हिंदी में हो, खोलने का आग्रह किया था। मुलायम सिंह ने इस पर कार्य करने की हामी भरी थी।

वर्तमान सरसंघचालक डॉ मोहन राव भागवत, मुलायम सिंह यादव का बहुत सम्मान करते थे। राजनीतिक विरोधी होने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुलायम सिंह यादव  के प्रशंसक रहे।

कार्यकारी मंडल की बैठक में दिवंगत होने वाले सामाजिक जीवन में सक्रिय प्रमुख व्यक्तियों को श्रद्धांजलि देने की परंपरा है। उसी क्रम में मुलायम सिंह यादव समेत अनेक दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई।

 

The post राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को क्यों भाये मुलायम सिंह यादव, दी श्रद्धांजलि appeared first on Yadav Manch.

Related Articles

Back to top button